दो पुलिस कर्मचारियों सहित तीन घायल, शव लेने से इनकार, परिजनों ने की नारेबाजी
डीएसपी बोले, चार पुलिस कर्मियों को चोटें आई, गुस्साए लोग पुलिस के पीछे भागे
हिसार, 8 जुलाई (Udaipur Kiran) । शहर के भारत नगर में जन्मदिन पार्टी में तेज आवाज
में डीजे बजाने को लेकर पुलिस कर्मचारियों व कुछ युवकों के बीच हुई झड़प में एक युवक
की मौत मामले में विवाद गहरा गया है।
झगड़े में दो पुलिस कर्मचारी व एक अन्य युवक भी
घायल है। मंगलवार को मृतक के परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया और पुलिस कर्मचारियों
पर कार्रवाई की मांग की। देर शाम तक भी मृतक का शव लेने को परिजन राजी नहीं हुए।
मामले में पुलिस का आरोप है कि युवकों को डीजे बंद करने को कहा तो उन्होंने
छत पर चढ़कर पथराव किया। जब पुलिस उन्हें छत पर पकड़ने के लिए पहुंची तो दो लड़के छत
से कूद गए जिसमें एक नाबालिग लड़के 16 वर्षीय गणेश गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल
में उसकी मौत हो गई। वह 10वीं में पढ़ता था।
पोस्टमॉर्टम के दौरान गुस्साए परिजनों ने
सिविल अस्पताल में उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपी पुलिस
कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने युवक का शव लेने से इनकार कर दिया
और मांग की कि आरोपी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की जाए और पूरी 12 क्वार्टर और सब्जी
मंडी पुलिस चौकी के सभी कर्मचारियों को सस्पेंड किया जाए।
इसी दौरान आरोपी पुलिसकर्मी
भी अस्पताल में धरने के नजदीक पहुंच गया। इससे लोग भड़क गए और उसे पकड़ने के लिए दौड़
पड़े जिसके बाद वहां खड़ी पुलिस ने भीड़ को रोका। इस मामले में डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर)
सुनील कुमार ने कहा कि चार पुलिस कर्मियों को चोटें लगी हैं।
इसके बाद
केस दर्ज कर कई लोगों को नामजद किया गया है।
मृतक के परिवार का आरोप है कि पुलिस ने युवक को आते ही जमीन पर गिराकर मारा।
वह बचने के लिए छत पर चला गया। वहां भी पुलिसवालों ने उसके साथ मारपीट की और छत से
धक्का दे दिया। पुलिसवालों ने महिलाओं और लड़कियों से भी मारपीट की। पुलिस सबूत मिटाने
के लिए घर से सीसीटीवी की डीवीआर भी उतारकर ले गई। पुलिस चौकी इंचार्ज विनोद ने कहा
कि शुभम नाम के युवक के बर्थडे पर ये तेज आवाज में डीजे बजा रहे थे। वे रोकने पहुंचे
तो तेजधार हथियारों से हमला कर उन्हें बंधक बनाया गया।
जब वे उनके चंगुल से छूटकर जाने
लगे तो दो लड़के छत पर चढ़ गए और उन पर पथराव किया। पुलिस उन्हें पकड़ने गई तो वह छत से
कूद गए और घायल हो गए। इसके बाद गणेश नाम के लड़के की मौत हो गई। आकाश को अग्रोहा मेडिकल
कॉलेज रेफर किया गया है।
मौके पर पहुंचे मेयर ने बताई पुलिस की गलती
नागरिक अस्पताल में धरने पर बैठे लोगों से मिलने व बातचीत करते मेयर प्रवीण
पोपली मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि पहली नजर में ऐसा लग रहा है कि इस मामले में
कहीं न कहीं पुलिस की गलती है, लेकिन पूरी सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी। उन्होंने
बताया कि उनकी पुलिस अधीक्षक से बात हुई है और पुलिस अधीक्षक लोगों से बातचीत करने के लिए तैयार हैं।
मेयर ने
कहा कि पुलिस अधीक्षक के साथ मिलकर समाज की भावना को सामने रखा जाएगा। जो भी इस मामले
में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ जरूर कार्रवाई की जाएगी।
हिस्ट्रीशीटर काकू व अन्य ने किया हमला
पुलिस का कहना है कि 12 क्वार्टर चौकी इंचार्ज उप निरीक्षक विनोद कुमार को गश्त के दौरान भारत नगर में रात 11 बजे शुभम उर्फ काकू के घर के सामने वाली गली में डीजे बजता पाया, जिसे बंद करवाने पर हिस्ट्रीशीटर शुभम उर्फ काकू और शिवा उर्फ घोड़ा ने विरोध किया और बहस करने लगे। स्थिति बिगड़ने पर उप निरीक्षक विनोद ने नई सब्जी मंडी चौकी इंचार्ज सहायक उप निरीक्षक महेंद्र को बुलाया। मौके पर अन्य पुलिस कर्मियों के साथ मौका पर पहुंचे सहायक उप निरीक्षक महेंद्र के साथ भी शुभम, शिवा और 15-20 अन्य लड़कों ने बहस की और डीजे हटाने पर पथराव व डण्डे, गंड़ासी इत्यादि जैसे खतरनाक हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उप निरीक्षक विनोद व सहायक उप निरीक्षक महेंद्र सिर पर चोट लगने से गम्भीर रुप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उप निरीक्षक विनोद कुमार गम्भीर रुप से घायल होने के कारण अब भी अस्पताल मे उपचाराधीन है।
(Udaipur Kiran) / राजेश्वर