अगली ख़बर
Newszop

प्रमोशन तो ले लिया लेकिन... पाकिस्तान आर्मी चीफ को क्या बोल गए राजनाथ सिंह, परमाणु परीक्षण पर दिया जवाब

Send Push
नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर का गजब अंदाज में मजाक उड़ाया। राजनाथ सिंह ने कहा कि असीम मुनीर ने फील्ड मार्शल के पद पर खुद से प्रमोशन ले लिया, उन्हें इसके लिए किसी की इजाजत की जरूरत नहीं पड़ती है। एक निजी चैनल को दिए साक्षात्कार में राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान भरोसे के लायक नहीं है, उसपर कभी भी भरोसा नहीं करना चाहिए।

पाकिस्तान ने असीम मुनीर को फील्ड मार्शल के पद पर प्रमोशन दिया
बता दें कि भारत के साथ हाल के संघर्ष के बाद पाकिस्तान ने मुनीर को फील्ड मार्शल के पद पर प्रमोशन दे दिया, जिससे वह इस्लामाबाद के इतिहास में यह पद प्राप्त करने वाले दूसरे वरिष्ठ सैन्य अधिकारी बन गए थे। पाकिस्तानी सरकार का कहना था कि मुनीर ने ऑपरेशन सिंदूर में बहादुरी से काम लिया था जिसके लिए उन्हें प्रमोशन दिया गया था। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक के बाद एक आधिकारिक बयान में मुनीर को पदोन्नत करने की घोषणा की गई।

राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर में अमेरिका के दावे को खारिज किया
इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर पर भी चर्चा की और पाकिस्तान के साथ युद्धविराम सुनिश्चित करने में किसी तीसरे पक्ष की संलिप्तता के दावों को खारिज कर दिया।


राजनाथ सिंह ने परमाणु परीक्षण पर भी दिया जवाब
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस दावे पर कि पाकिस्तान, रूस, चीन और उत्तर कोरिया समेत कई देश गुप्त रूप से परमाणु हथियारों का परीक्षण कर रहे हैं, सिंह ने शुक्रवार को कहा कि अगर वे चाहें तो ऐसा कर सकते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत की प्रतिक्रिया भविष्य में सामने आएगी।

राजनाथ सिंह ने कहा कि अगर वे ऐसा करना चाहते हैं तो उन्हें करने दीजिए। भारत क्या करेगा, यह तो भविष्य ही बताएगा; इस बारे में हमें कुछ नहीं कहना। चाहे पाकिस्तान हो या अमेरिका, जो भी ऐसा करना चाहता है, कर रहा है। भारत किसी डर या दबाव में आकर ऐसा नहीं करता है। भारत जो भी उचित समझेगा, हम वही कार्रवाई करेंगे और सही समय पर कार्रवाई करेंगे।
न्यूजपॉईंट पसंद? अब ऐप डाउनलोड करें