हर किसी का सपना होता है कि वह अपने नए घर में शिफ्ट हो। जब नया घर होता है, तो उसकी चमक और साफ-सफाई से हर कोई खुश होता है। लेकिन सोचिए, जब आप अपने नए घर में कदम रखते हैं और देखते हैं कि पूरा घर गोबर से भरा हुआ है। इतना ही नहीं, वहां एक गाय भी घूम रही है और आप यह नहीं जानते कि वह वहां कैसे आई। ऐसा दृश्य देखकर किसी का भी दिमाग चकरा जाएगा। यह अजीब घटना अमेरिका के मोंटाना में हुई।
एक व्यक्ति, जो वाशिंगटन में रहता था, अपने परिवार के साथ मोंटाना में नए घर में शिफ्ट होने वाला था। उसने अपने नए घर की देखभाल की जिम्मेदारी अपनी आंटी को दी थी। जब वह अपने सामान के साथ वहां पहुंचा, तो घर की स्थिति देखकर वह फूट-फूटकर रोने लगा। घर के अंदर एक गाय थी, जिसने इतनी गंदगी फैला रखी थी कि फर्श तक दिखाई नहीं दे रहा था। यह स्थिति देखकर वह व्यक्ति सदमे में आ गया।
सूत्रों के अनुसार, गाय लगभग एक महीने से इस घर में थी। घर के चारों ओर हरियाली होने के कारण गाय ने वहां खूब खाया-पिया होगा, जिसका परिणाम गोबर के रूप में घर में दिखाई दे रहा था। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि गाय घर के अंदर कैसे आई। गाय के मालिक को भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। अब सोचिए, उस व्यक्ति को अपने नए घर की सफाई में कितना समय लगेगा। और बदबू से छुटकारा पाने में उसे कितनी मेहनत करनी पड़ेगी।
यह घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस घर की गोबर से भरी तस्वीरें काफी प्रसिद्ध हो गई हैं। कुछ लोग इसे देखकर हंस रहे हैं, जबकि कुछ उस व्यक्ति के लिए दुखी हैं। खैर, यह तो स्पष्ट है कि जब गाय अकेली रहती है, तो वह क्या-क्या कर सकती है। अगर यह घटना भारत में होती, तो इस गोबर से कितने सारे कंडे बनते!